Admin
कुशीनगर (उ०प्र०)
नेबुआ नौरंगिया थानाक्षेत्र के कोटवा में स्थित एक निजी अस्पताल के महिला डॉक्टर के पति और उसके साथी को गुरुवार की देर शाम बाइक सवार बदमाशों ने चाकू मारकर लहूलुहान कर दिया। जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। चाकू मारकर भाग रहे एक बदमाश को ग्रामीणों ने पकड़ लिया और उसकी जमकर धुनाई कर दी। जिससे वह भी घायल हो गया है। उसके पास से मोबाइल व बाइक बरामद की गयी है। चिकित्सको ने घायलो को कोटवा सीएचसी से जिला अस्पताल इलाज के लिए भेज दिया है। मौके पर पहुंची स्थानीय थाने की पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
कोटवा बाजार में स्थित पावर हाऊस के बगल में डॉ० लवली विश्वास निजी अस्पताल चलाती हैं। गुरुवार देर शाम को उनके पति अंकित जायसवाल और उनके साथी जितेंद्र बाइक से कोटवा नौरंगिया मार्ग से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान अचानक बाइक से आए बदमाशों ने दोनों पर अचानक चाकू से हमला कर दिया। महिला डॉक्टर के पति अंकित गंभीर रूप से जख्मी हो गया तथा जितेंद्र के हाथ में चाकू लग गया। इस घटना के बाद भाग रहे बदमाशो को
स्थानीय लोगों ने घेर लिया। एक बदमाश को ग्रामीणों की मदद से पकड़ने में कामयाबी मिली। ग्रामीणों ने उसकी जमकर धुनाई कर दी। चाकू लगने से घायल अंकित और जितेंद्र को कोटवा सीएचसी ले जाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद इन दोनों घायलो और बदमाश को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। खबर लिखे जाने तक जिला अस्पताल में दोनों घायलों का इलाज हो रहा था तथा स्थानीय पुलिस इस मामले की छानबीन करने में जुटी हुई है।
स्थानीय थानाध्यक्ष अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि साइड लेने के दौरान उपजे विवाद में चाकूबाजी की गई है। सबका इलाज हो रहा है और खतरे से बाहर है। पकड़े गए आरोपी को जेल भेजने की कार्यवाही की जा रही है।



0 Comments