Admin
कुशीनगर (उ०प्र०)
कुशीनगर जनपद के छितौनी से तमकुहीरोड तक रेलवे लाइन पर छितौनी, जटहां बाजार, मधुबनी, खैरा टोला, धनहा और पिपरही में रेलवे स्टेशन बनाने की योजना थी। इसमें छितौनी में रेलवे स्टेशन का भवन भी बना दिया गया। प्रस्तावित योजना के अनुसार पूरी रेल लाइन पर 10 बड़े और 47 छोटे पुलों का निर्माण प्रस्तावित था, लेकिन कुशीनगर और बिहार के बीच बनने वाली तमकुहीरोड-छितौनी रेल परियोजना करीब 16 साल बाद भी आज तक अधूरी है।
इस योजना के तहत निर्माण के समय ही करीब चार किलोमीटर तक रेलवे लाइन बिछाकर छितौनी में रेलवे स्टेशन का निर्माण भी करा दिया गया है। ओवरब्रिज के लिए पिलर अभी तक आधे-अधूरे हैं। लगभग 62.5 किलोमीटर लंबी रेल लाइन एक तरफ से गोरखपुर- नरकटियागंज रेल मार्ग तो दूसरी ओर से कप्तानगंज-थावे रेल मार्ग से जाकर जुड़ती। जबकि जिले के चार ब्लॉक दुदही, सेवरही, खड्डा और विशुनपुरा के साथ गोपालगंज (बिहार) के मधुबनी, भितहां, ठकरहां और पिपरासी आदि गांवों के लोगों को इसका फायदा मिलता और आवागमन भी काफी हद तक आसान हो जाता। पर विभागीय कहे या जनप्रतिनिधियों के उपेक्षा के चलते वर्तमान समय ये महत्वाकांक्षी योजना दम तोड़ रही है। पर उक्त क्षेत्रो के ग्रामीण आज भी इस परियोजना के पूरा निर्माण होने की आस लगाए हुवे है।





0 Comments